पडरौना। शहर के सरदार पटेल नगर निवासी सोनू की हत्या उसके जिगरी दोस्तों ने मफलर से गला कसकर की थी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों रात को घर चले गए और सुबह उसके दाह संस्कार में शामिल होकर हमदर्दी भी दिखाई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने घटना का पर्दाफाश शुक्रवार को कर दिया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। दोस्तों ने नशे में रुपये के लेन-देन को लेकर हत्या की थी।
सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि सरदार पटेल नगर निवासी 21 वर्षीय सोनू खरवार की लाश बुधवार की सुबह छुछिया गेट के समीप स्थित कुंआ के पास मिली थी। मफलर से उसका गला कसा हुआ था। वह मंगलवार की शाम से घर से गायब था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसकर हत्या की पुष्टि हुई। सोनू के पिता की तहरीर पर रामधाम पोखरा निवासी निखिल पटवा और मोहल्ले का रहने वाला गोलू राईनी पर हत्या की प्राथमिकी पुलिस ने दर्ज की थी। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से पुलिस ने घटना का पर्दाफाश शुक्रवार को कर दिया। पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात तीनों एक साथ घूमते हुए दिखे थे, कस्बे के शराब की दुकान के पास भी तीनों युवक शाम को एक साथ शराब पीते हुए दिखे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की दुकान पर शराब पीने के बाद पैदल मोहल्ले में देर रात को आए, छुछिया गेट पास कुंआ पर बैठकर गंजा पीने के दौरान रुपये को लेकर सोनू से कहासुनी हो गई। इस दौरान दोनों ने मफलर से उसका गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने घर भाग गए। दोनों आरोपी सोनू के जिगरी दोस्त थे, घर वालों के अनुसार अमृतसर से आने के बाद सोनू आरोपियों के साथ देर रात तक रहता था।