संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कहीं न्यूड कॉल तो कहीं बेटे व भाई को अपहरण करने की धमकी देकर ठग रुपये की मांग कर रहे हैं।
पिछले दिनों शहर के एक व्यक्ति के पास अनजान नंबर से आई फोन कॉल ने परेशानी में डाल दिया। फोन करने वाले ने खुद को इंस्पेक्टर बताया और बेटे को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार करने की बात कही। यह सुनने के बाद वह परेशान हो गए। इसके बाद ठग में उनसे एक लाख रुपये की मांग की। उन्होंने कॉल को नजरअंदाज कर बेटे को फोन किया। जब बेटे ने बात की तो पिता ने राहत की सांस ली।
ऐसे कई और मामले हैं, जिसमें साइबर अपराधियों ने लोगों को अपहरण और न्यूड कॉल के जरिये अपना शिकार बनाया है। हालांकि, साइबर थाने की पुलिस अभियान चलाकर जागरूक भी कर रही है। इसके बावजूद साइबर ठग नए पैंतरे आजमाकर लोगों से निशाना बना रहे हैं। साइबर थाना के इंस्पेक्टर मनोज कुमार पंत ने बताया कि लोगों को अभियान चलाकर साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी जा रही है। स्कूलों में गोष्ठी का आयोजन कर बच्चों को भी बचने का आसान उपाय बताया जा रहा है। इसके बावजूद लोगों में जागरूकता की कमी होने का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं। अनजान नंबर से आने वाले फोन कॉल को नजरअंदाज करें। अगर कोई फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी बता रहा है तो इसकी सूचना नजदीकी थाने पर दें। ध्यान रहें कि किसी को अपनी निजी जानकारी साझा न करें और खासकर ओटीपी, पॉसवर्ड आदि न बताएं। साइबर ठगी होने पर पुलिस को इसकी सूचना जरूर दें।