ट्रांसफार्मर बदलने गए लाइनमैन के साथ लोगों ने की मारपीट
रामकोला (कुशीनगर )। थाना क्षेत्र के धुआंटीकर गांव में जले ट्रांसफार्मर को बदलने गए संविदा लाइनमैनों के साथ शुक्रवार की देर रात गांव के दो लोगों ने मारपीट की। मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बिजली निगम के अवर अभियंता ने थाने में तहरीर दी है।
धुआंटीकर गांव में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। उसे बदलने के लिए रामकोला विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मी भीम और नंद किशोर गए थे। ये दोनों संविदा लाइनमैन अभी ट्रांसफार्मर बदल रहे थे कि इसी दौरान गांव के दो व्यक्ति पहुंचे और इनसे उलझ गए। आरोप है कि बात बढ़ी तो गांव के लोगों ने दोनों संविदा कर्मियों की पिटाई कर दी।
इस मामले की जानकारी होने पर अवर अभियंता एसके मिश्रा ने दोनों कर्मियों के साथ रामकोला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने कहा कि आए दिन इस तरफ से विद्युत कर्मियों के साथ मारपीट की घटना हो रही है जिससे विद्युत कर्मी भयभीत हैं। इस संबंध में एसओ डीके सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।