मोबाइल ट्रांसफार्मर के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति
कसया (कुशीनगर)। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 16 केशव नगर (गोपालगढ़) के पश्चिम टोले का ट्रांसफार्मर करीब छह माह से खराब है। यहां के 50 घरों में बिजली की आपूर्ति तभी से नगर पालिका के मोबाइल ट्रांसफार्मर से दी जा रही है। लेकिन बिजली निगम ने अब तक यहां का जला ट्रांसफार्मर नहीं बदला है।
गोपालगढ़ मोहल्ले में ही बिजली उपकेंद्र भी है। इस वार्ड निवासी हीरालाल मद्धेशिया ने बताया कि ट्रांसफार्मर जला तो अनुरोध करके नगर पालिका का मोबाइल ट्रांसफार्मर लगवाया गया। इससे तत्काल सुविधा तो मिली लेकिन निगम का अपना ट्रांसफार्मर नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। मोबाइल ट्रांसफार्मर से रास्ते में आने-जाने के दौरान दिक्कत होती है। इस वार्ड निवासी मुन्ना सिंह का कहना है कि रास्ते पर लगे मोबाइल ट्रांसफार्मर से डर बना रहता है। खेलते-खेलते बच्चे पहुंच जाते हैं।
स्थानीय निवासी दिनेश राय का कहना है कि जहां 63 केवी के ट्रांसफार्मर से काम चल सकता है वहां 100 केवी के ट्रांसफार्मर का उपयोग हो रहा है जिससे बिजली की खपत बढ़ेगी। वैसे भी मोबाइल ट्रांसफार्मर इमरजेंसी सुविधा के लिए है। ऐसे में उसका खाली रहना भी जरूरी है। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र गोपालगढ़ के जेई राजेश मौर्य ने कहा कि इसकी जानकारी विभागीय उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। नए ट्रांसफार्मर के बंदोबस्त न होने तक मोबाइल ट्रांसफार्मर से ही वार्ड में बिजली सप्लाई चलती रहेगी।