सेवरही। पंचायत चुनाव में मंगलवार को मतदान समाप्त होने के बाद तरयासुजान थाने के बिरवट कोन्हवलिया गांव में पोलिंग पार्टी पर हमला और मतपेटिका लूटने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बुधवार की शाम आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
तरयासुजान के थानेदार ने पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ गांव में दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
तरयासुजान थाने के बिरवट कोन्हवलिया गांव में मतदान के बाद मंगलवार की शाम पोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया गया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने हमला कर मतपेटी लूटने का प्रयास किया। आरोप यह भी है कि मतपेटी में पानी डालने का प्रयास भी किया गया था।
सुरक्षाकर्मियों मौके पर हवाई फायरिंग और बल प्रयोग करते हुए हमलावरों को खदेड़ दिया था। उसके बाद कड़े सुरक्षा पहरे में मतपेटी स्ट्रॉग रूम तक पहुंचाई गई।
इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के बडे़ अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया था। इसी मामले में पुलिस ने केस दर्ज करते हुए बुधवार आरोपियों की तलाश शुरू की। तरयासुजान के एसओ दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में एसओ तरयासुजान सुजीत राय का कहना है कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं घटना के बाद से गांव के कई लोग वहां से हट गए हैं।