पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक हुई। इसमें संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया।
बैठक में किसान महेंद्र मणि त्रिपाठी ने उर्वरक की अनुपलब्धता के संबंध में सहायक निबंधक सहकारिता से शिकायत की। इस पर सहायक निबंधक सहकारिता ने बताया कि जिले के सभी समितियों पर उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान छोटेलाल सिंह ने किसानों को जिप्सम एवं कृषि रक्षा रसायनों की समय से उपलब्धता की मांग की।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर जिप्सम एवं कृषि रक्षा रसायनों की उपलब्धता है। रामाधार कुशवाहा ने एडीएम न्यायिक से जिले में चयनित एग्रीगेटर के रूप में एफपीओ एवं इंडियन आयल, धुरियापार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पराली प्रबंधन के संबंध में आने वाली समस्याओं के समाधान की मांग की। किसान राधेश्याम कुशवाहा ने पकडियार माइनर के सफाई के संबंध में शिकायत दर्ज कराई।