दुदही। विशुनपुरा पुलिस ने एक पिकअप से अवैध शराब की खेप रविवार की देर रात को बरामद किया। शराब समेत पिकअप की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए पिकअप चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चालक को शराब तस्कर बता रही है, लेकिन पुलिस की पूछताछ में चालक ने अपने सरगना का नाम बताया है, पुलिस वहां तक नहीं पहुंच सकी है और सरगना के नाम को छिपा रही है।
बिहार में चुनाव को लेकर शराब की बड़े पैमाने पर खेप कुशीनगर के रास्ते भेजी जा रही है। पुलिस की आंखों में धूल झोंककर तस्कर अलग-अलग तरीके से शराब की तस्करी कर रहे हैं, विशुनपुरा पुलिस ने पांच अक्तूबर की देर रात को मलाही घाट पुल से करीब एक किमी पहले एक पिकअप को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान पिकअप में 65 पेटी अंग्रेजी अवैध शराब मिला जो बिहार जा रहा था। मौके से पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इसकी पहचान लालबाबू चौधरी (44) निवासी भतहवां, थाना ठकरहा, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो पिकअप चालक अपने सरगना का नाम पुलिस की पूछताछ में बताया है, लेकिन पुलिस सरगना का नाम अभी सामने नहीं ला रही है। इसकी वजह चाहे जो भी हो। सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। इसमें शामिल बाकी लोगों के बारे में पुलिस पता लगा रही है।