पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कथित झोलाछाप के इलाज के दौरान छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बताया कि बच्चे की मौत काफी पहले हो चुकी थी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
नेबुआ नौरंगियाक्षेत्र के खानू छपरा निवासी जगदीश साहनी के छह वर्षीय पुत्र राजा बाबू की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे क्षेत्र के एक झोलाछाप के पास ले गए थे। आरोप है कि इलाज के दौरान ही बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घबराए परिजन मासूम को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उसकी मृत्यु काफी पहले हो चुकी थी। यह सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बच्चे की मां सुगंधा बार-बार बेसुध होती रहीं, जबकि पिता जगदीश साहनी गहरे सदमे में थे। सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बालक के शव को गांव के समीप स्थित शवदाह स्थल के पास दफना दिया गया। प्रभारी सीएमओ डॉ एसएन त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।