पडरौना। सहायक संभागीय परिवहन विभाग की तरफ से बुधवार को जिले में नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस दौरान बिना पंजीकरण के संचालित छह ट्रैक्टर-ट्राला का चालान किया, जबकि बिना फिटनेस और परमिट के संचालित बिहार की एक बस सीज कर दी। इसके अलावा बिना हेलमेट के बाइक चलाने और बिना सीट बेल्ट, रिफ्लेक्टर और एचएसआरपी के संचालित 31 वाहनों का चालान किया गया है।
एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि परिवहन विभाग की तरफ से जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत बुधवार को यात्री कर अधिकारी कुशीनगर बलवंत सिंह ने पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज, मिश्रौली रेलवे ढाला और पिपराइच-नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर संचालित गन्ना लदे छह अपंजीकृत ट्रैक्टर-ट्राला को चालन कर 1.75 लाख रुपये जुर्माना किया। इन ट्रालों पर क्षमता से अधिक गन्ना ले जा जाया जा रहा था। इन ट्रालों पर रिफ्लेक्टर भी नहीं लगे थे।
एआरटीओं ने बताया कि इस संबंध में जिला गन्ना अधिकारी और चीनी मिल प्रबंधन को पत्र लिखकर कर गन्ने का परिवहन वैध वाहन से कराने के निर्देश दिए गए हैं।