साढ़े नौ करोड़ से होगी मवन नाले की मरम्मत
- फोटो : अमर उजाला
कप्तानगंज (कुशीनगर)। जिले के हजारों किसानों के लिए मुसीबत बन चुके मवन नाले के जीर्णोद्धार के लिए शासन ने नौ करोड़ 44 लाख 29 हजार की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। प्रथम किश्त के रूप में एक करोड़ 50 लाख रुपये भी सिंचाई विभाग को मिल गए हैं। नाले में पानी कम होते ही कार्य शुरू हो जाएगा। शनिवार को सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ क्षेत्रीय विधायक ने मौका मुआयना किया।
महाराजगंज जनपद से निकलने वाले 62 किलोमीटर लंबे मवन नाले का करीब 47 किलोमीटर हिस्सा कुशीनगर जिले में है। यह नाला कप्तानगंज तहसील के इंदरपुर गांव में प्रवेश करके हाटा तहसील क्षेत्र में छोटी गंडक में मिलता है। बरसात के दिन में नाले के पानी की वजह से हजारों किसानों की फसल बर्बाद होती है। रामकोला के विधायक रामानंद बौद्ध ने बीते बरसात में डीएम आंद्रा वामसी को प्रभावित किसानों की बीच लाकर पीड़ा बताई थी। इसके बाद नाले की खुदाई व किनारों को मजबूत बनाने के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रस्तावित की गई थी।
शनिवार को विधायक रामानंद बौद्ध, एसडीएम कप्तानगंज त्रिभुवन और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता सुनील कुमार शाही नाले का निरीक्षण करने पहुंचे। सहायक अभियंता ने बताया कि मवन नाले की कुल लंबाई 62 किलोमीटर है। इसमें से 47 किलोमीटर हिस्सा कुशीनगर और 15 किलोमीटर महाराजगंज में है। नाले की सफाई व खुदाई के लिए नौ करोड़ 44 लाख 29 हजार की कार्ययोजना बनी है।