पडरौना/खड्डा। जिले के सभी तहसील सभागारों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उसके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीएम, एसपी और सीडीओ ने खड्डा तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतें सुनीं। डीएम के समक्ष कुल 73 मामले आए, जिसमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि राजस्व से जुड़े विवाद का निस्तारण जरूरत के हिसाब से पुलिस व राजस्व टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर गुणवत्ता व निष्पक्ष रूप से करें, ताकि दुबारा इस तरह की समस्या उत्पन्न न हो। समाधान दिवस में पहुंंचे क्षेत्र के रामपुर गोनहा गांव के मजनू मुसहर ने डीएम से कहा कि साहब मेरे भूमिधरी जमीन पर गांव के लोगों ने कब्जा कर लिया है।
बार-बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी गांव के दिनेश गौतम ने भी अपनी भूमिधरी की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की। डीएम के समक्ष पहुंची सुमन देवी, नर्गिस देवी और शक्तिराम ने कहा कि रामपुर जंगल गांव में उनका परिवार दो पीढ़ी से सड़क किनारे झुग्गी बनाकर रह रहा है। वर्ष 1985 में स्पेशल कम्पोजिट योजना के तहत जमीन का पट्टा मिला था, लेकिन उन्हें अबतक कब्जा नहीं मिल पाया।
इस समय वे जखिनिया गांव के पास सड़क किनारे प्लास्टिक तान कर रह रहे हैं। उन्होंने खड्डा स्थित कांशीराम आवास में रहने की स्वीकृति मांगी। इन लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।