पडरौना। कुछ बेहतर कर गुजरने का जज्बा हो तो मुश्किल राहें भी आसान हो जाती हैं। 20वीं यूपी स्टेट जूनियर गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर एक सामान्य से किसान की बेटी ने इसे साबित कर दिखाया है। जनपद मुख्यालय के बगल के गांव सरकारी भिस्वा की निवासी गुंजा गोंड ने 31 दिसंबर को अलीगढ़ में संपन्न हुई। इस गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया है। 12वीं की यह होनहार छात्रा वर्ष 2016 में इलाहाबाद में आयोजित 19वीं सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडलिस्ट रही है।
गुंजा एसबी इंटरमीडिएट कॉलेज साढ़ी खुर्द में 12वीं की छात्रा है। पढ़ाई के साथ-साथ कुछ बेहतर कार्य करने का जज्बा शुरू से ही उसके मन में रहा है। उसके इरादों को पंख गांव के बगल में स्थित जिला स्टेडियम की बदौलत मिला, जहां कुशल कोच और बेहतर खेल अफसरों के मागदर्शन की बदौलत उसने बॉक्सिंग के क्षेत्र में अपना करियर चुना। पहले ब्लॉक, फिर जनपद और उसके बाद स्टेट लेवल के बॉक्सिंग खेलों में उसके बेहतर परफारमेंस की वजह से खेलने का अवसर मिलता गया।
गुंजा ने बताया कि वर्ष 2016 में इलाहाबाद में आयोजित 19वीं सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीतने पर उसे गोल्ड मेडल से नवाजा गया था। इसके बाद 28 से 30 दिसंबर तक अलीगढ़ में आयोजित हुई 20वीं यूपी स्टेट जूनियर गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उसे दूसरी बार अपने गांव और जनपद की झोली में मेडल डालने का अवसर मिला। गुंजा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उसे दूसरा स्थान मिलने पर सिल्वर मेडल देकर हौसलाअफजाई की गई। गुंजा को इस प्रतियोगिता में यूपी एमेचर बॉक्सिंग एसोसिएशन गोरखपुर की ओर से खेलने का अवसर मिला था।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली गुंजा के पिता साधु गोंड उसके दादा बुुजुर्ग पारस गोंड के कृषि संबंधी कार्यों में हाथ बंटाते हैं। माता सावित्री देवी एक कुशल गृहिणी के साथ-साथ उसकी कुशल मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत रही हैं। उसने अपनी सफलता का श्रेय गांव के बड़े बुजुर्गों और कोच के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।