कुशीनगर में मस्जिद में विस्फोट के बाद जांच करती पुलिस टीम।
- फोटो : KUSHINAGAR
धमाके के बाद गांव में पसरा सन्नाटा
तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। मस्जिद में धमाके की खबर से चौकन्नी पुलिस देर शाम तक जांच में जुटी रही। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एसपी भी फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। आखिर में पुलिस किसी ठोस नतीजे पर पहुंचती नहीं दिखी।
सोमवार दोपहर 12:30 बजे तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के अवरवा सोफीगंज के टोला बैरागीपट्टी की मस्जिद में अचानक तेज धमाके के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर अन्यत्र ड्यूटी पर जा रहे एसओ संजय सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। मामला तब पेंचीदा होता दिखा, जब मस्जिद के मौलवी ने मस्जिद की खिड़की, फाटक और छत क्षतिग्रस्त होने के कारण के विषय में कोई सटीक जवाब नहीं दे सके। उन्होंने स्टोर में इंवर्टर बैट्री के फटने को धमके की वजह बताई, जबकि कमरे में लगा इंवर्टर और बैट्री पूरी तरह सुरक्षित दिखा। एसओ ने ग्रामीण अकबर से मामले की पूछताछ की गई तो उसने बताया कि नमाज के वक्त अचानक तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों में यह प्रश्न भी चर्चा का विषय रहा कि छत में दरार पड़ना सामान्य बैट्री के धमाके से संभव नहीं हो सकता।
जांच का कोई भी पहलू छोड़ा नहीं जाएगा: एसपी
एसपी विनोद कुमार मिश्र ने करीब ढाई घंटे तक मौके पर रहकर एक-एक पहलू की जांच कराई। उन्होंने बताया कि डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस टीम ने भी गहनता से जांच की। मस्जिद के मौलवी बैट्री फटने की बात कह रहे हैं, लेकिन गांववालों के संदेह को देखते हुए क्षतिग्रस्त सामान के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले से जुड़े हर पहलू पर गहनता से जांच के लिए बम निरोधक दस्ता को भी बुलाया गया है।