पेट्रोल पंप पर सब इंस्पेक्टर का पिस्तौल लहराते हुए वीडियो वायरल
दरोगा ने पंप पर पहुंचकर तेल भराने वालों को खदेड़ा
बृहस्पतिवार की रात में नौ बजे का बताया जा रहा है वीडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
नेबुआ रायगंज/पकड़ियार। परसौनी स्थित रामायण फिंलिग स्टेशन (पेट्रोलपंप) पर बृहस्पतिवार की रात में करीब नौ बजे नेबुआ नौरंगिया थाने के एक सब इंस्पेक्टर का रिवाल्वर लहराते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर एएसपी ने दरोगा को निलंबित करने के लिए एसपी को पत्र भेजा है।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात में करीब नौ बजे रामायण फीलिंग स्टेशन परसौनी पर कुछ लोग तेल भरा रहे थे। इसी दौरान दरोगा नेबुआ नौरंगिया थाने के दरोगा अजय सिंह वहां पहुंच गए। एसआई ने वहां पहुंचते ही डीजल-पेट्रोल भरा रहे लोगों को खदेड़ना शुरू कर दिया। पंपकर्मियों ने विरोध किया तो दरोगा ने रिवाल्वर तान दिया। मैनेजर की पिटाई कर दी। एक बोलेरो चालक के साथ भी मारपीट हुई। दरोगा ने रिवाल्वर हाथ में लेकर लोगों को दौड़ाना शुरू कर दिया। दरोगा की यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी ने इसकी जानकारी पुलिस विभाग के बड़े अधिकारियों को दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी खड्डा मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराए। सीओ ने मामले की जांच के बाद एडिशनल एसपी को रिपोर्ट दी। एडिशनल एसपी अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।