पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कोटवा बाजार में मंगलवार को आभूषण की दुकान पर पहुंचीं छह महिलाओं में से तीन को दुकानदार ने ठग के रूप पहचान लिया। दुकानदार के अनुसार, महिलाओं का यही समूह पहले भी ठगी कर चुका था। महिलाओं के टेंपो से जाने के बाद दुकानदार ने बाइक से पीछा किया और कौवासार-बरवा रतनपुर नहर मार्ग स्थित गड़हिया पुल के पास तीन महिलाओं को रोक लिया। सूचना पर आई डायल 112 पुलिस तीनों को थाने ले गई। इस दौरान कुछ महिलाएं भाग निकलीं।
कोटवा बाजार में रघुनाथ वर्मा की आभूषण की दुकान है। मंगलवार को दुकान पर उनका बेटा बैठा था। इसी दौरान टेंपो से करीब आधा दर्जन महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने पुराने आभूषण देकर नए आभूषण लीं और टेंपो से जाने लगीं। इसी चौराहे पर प्रमोद वर्मा की भी आभूषण की दुकान है। प्रमोद वर्मा ने बताया कि पांच अगस्त को महिलाओं के समूह ने उनकी दुकान पर नकली गहने देकर आठ ग्राम सोने के आभूषण ठग लिया था। मंगलवार को दुकान पर पहुंची महिलाओं को देखने के बाद उन्होंने उनमें से कुछ को पहचान लिया।
इसके बाद बाइक से टेंपो का पीछा किया। कौवासार से बरवा रतनपुर जाने वाले नहर मार्ग पर गड़हिया पुल के पास टेंपो को रोककर तीन महिलाओं को पकड़ लिया। कुछ महिलाएं मौका पाकर वहां से भाग गईं। पकड़ी गई महिलाओं की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। पुलिस के आने पर तीनों को उनके हवाले कर दिया गया।
दुकानदारों का कहना है कि 29 अगस्त को भी इसी समूह की महिलाओं ने रघुनाथ वर्मा की दुकान से ठगी की थी। मंगलवार को दोबारा उसी समूह के दुकान पर पहुंचने के बाद संदेह होने पर उनका पीछा किया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार दुबे ने बताया कि महिलाओं पर ठगी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, अभी आरोपों की पुष्टि के लिए कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।