दुकानदार नई-नई स्कीम से ग्राहकों को लुभा रहे
ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार दे रहे नई-नई स्कीम का लाभ
- एक ही दुकान पर ग्राहकों को मिल रही कई सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। लोगों ने घरों की सफाई और पेंटिंग का कार्य शुरू कर दिया है। ऐसे में ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार ग्राहकों को घर की पेंटिंग कराने के मजदूर से लेकर सामान की खरीदारी पर कई तरह की स्कीम का लाभ दे रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की वजह से बाजारों में पहले की अपेक्षा चहल पहल कम दिख रही है। लोगों की आर्थिक स्थित कमजोर होने से लोग घरों में जरूरत के मुताबिक ही कार्य करवा रहे हैं। त्योहर आते ही घरों की पेंटिंग और साफ-सफाई का कार्य तेज हो जाता है।
पेंट व्यवसायी अभिषेक बंका ने बताया कि कोरोना संक्रमण की वजह से ग्राहक कम हो गए हैं। अधिक से अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सस्ते दरों पर सामान देने के अलावा कई तरह की स्कीम का लाभ दिया जा रहा है। इसकी वजह से करीब 20 प्रतिशत ग्राहक बढ़ गए हैं।
पेंट व्यवसायी सत्यवीर जायसवाल ने बताया कि ग्राहकों को पेंटिंग के लिए मजदूर और पेंटिंग की स्प्रे मशीन समेत अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मुहैया हो रही हैं।
सौरभ कुमार ने बताया कि कोरोना संकट की वजह से बाजार में ग्राहक कम हो गए हैं। त्योहारों के चलते बाजारों में कुछ तेजी है। इसको देखते हुए कंपनियों की तरफ से मिलने वाला लाभ स्वयं न लेकर ग्राहकों को दिया जा रहा है।
पेंट व्यवसायी आशीष सर्राफ ने बताया कि ग्राहकों की इच्छा के अनुसार कम्प्यूटराइज पेंट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा पेंटिंग के लिए मजदूर समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है।