पडरौना/हाटा। जिले के बरडीहा, पिपरैचा निवासी शिवा सिंह की स्वदेश वापसी के लिए एजेंट ने दूसरा टिकट भेज दिया है। यह टिकट कजाकिस्तान से अलमाटी एयरपोर्ट से मुंबई एयरपोर्ट तक का है। उम्मीद है कि वह मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पहुंच जाएगा। हाटा कोतवाली के बरडीहा पिपरैचा निवासी शिवा सिंह परिवार की माली हालत सुधारने के लिए बीते 12 दिसंबर को कजाकिस्तान गया था। चार दिन पहले उसने वीडियो वायरल कर आरोप लगाया था कि उसे कजाकिस्तान की जगह किर्गिस्तान भेज दिया गया है। वहां उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। उसने डीएम व एसपी को भी ईमेल कर वतन वापसी की गुहार लगाई थी।
डीएम की ओर से पूरा डिटेल केन्द्रीय गृह विभाग को भेज इसके प्रयास भी शुरू कर दिए। प्रशासन की पहल के बाद गोरखपुर के सिंघड़िया स्थित विदेश भेजने वाली संस्था के एजेंट ने उसके वतन वापसी की व्यवस्था की।
वापसी का टिकट भेजा मगर उसे अलमाटी के एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। शिवा के परिजनों ने इसके लिए भी एजेंट को दोषी ठहराया। शिवा के परिजनों ने बताया कि सोमवर को उसे कजाकिस्तान की कोर्ट में पेश किया गया। जहां से दो 24 घंटे में कजाकिस्तान छोड़कर अपने देश चले जाने का आदेश दिया गया।
एजेंट ने इसके बाद सोमवार को उसे दूसरा हवाई टिकट भेज दिया है। विमान में बोर्डिंग की भी व्यवस्था करा दी गई है। शिवा के परिजनों ने बताया कि सोशल मीडिया पर बात उजागर होने के बाद एजेंट ने शिवा से संपर्क किया और कहा कि वह अलमाटी एयरपोर्ट पहुंचे वह उसकी वापसी का टिकट भेज रहा है। शिवा जब अलमाटी एयरपोर्ट पहुंचा तो एजेंट ने कहा कि वह एक वीडियो बनाए कि वह अपनी मर्जी से वापस आ रहा है। इसमें एजेंट की कोई गलती नहीं है। शिवा ने ऐसा करने से इनकार किया तो एजेंट ने टिकट कैंसिल कर दिया था।