25 से बजेगी शहनाई, बैंडबाजा-बारात की रहेगी धूम
- 25 नवंबर से 13 दिसंबर तक शुरू हो जाएंगे शादी-विवाह के कार्यक्रम
- कोरोना से मंद पड़े बाजार के बाद व्यापारियों को बेहतरी की उम्मीद
पडरौना। नगर में 25 नवंबर से शहनाई बजने लगेगी। शादी का मौसम शुरू होने से जगह-जगह बैंडबाजा और बारात की धूम मचेगी। बीते चार नवंबर को देवउठनी एकादशी थी। इस दिन श्रीहरि भगवान विष्णु चार माह बाद योगनिद्रा से जागे थे। इसके बाद से विवाह समेत अन्य शुभ कार्य शुरू हो गए हैं।
13 दिसंबर तक ही विवाह के लिए शुभ मुहूर्त हैं। क्योंकि, 15 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा। इस माह में विवाह के लिए मुहूर्त नहीं हैं। दिसबंर के बाद अप्रैल में विवाह के मुहूर्त हैं। लगन शुरू होते ही नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। बीते दो वर्ष कोरोना संक्रमण से सुस्त पड़े बाजार में इस बार तेजी आने की उम्मीद है। लोग शादी-विवाह की तैयारी में सामान खरीदने पहुंच रहे हैं। खरीदारी के दौरान आकर्षक उपहार भी दिए जा रहे हैं।
पडरौना नगर के व्यापारियों ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। कपड़े, बरतन, घरेलू उपकरण (टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि), वाहन, आभूषण, किराना, सजावटी सामानों के व्यवसाई हर रेंज का स्टॉक मंगा चुके हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी सचिन चौरसिया, संजय गुप्ता, अमित बगाड़िया, रवि वर्मा, अभिषेक आदि ने बताया कि कि शादी में उपहार देने के लिए लोग सभी ब्रांड और रेंज के सामानों की मांग करते हैं। इसे देखते हुए स्टाक मंगाया जा रहा है। वहीं टेंट, लाइट, बैंड बाजा आदि के व्यवसायी भी संसाधन दुरुस्त करने में लग गए हैं।
शादियों के लिए नगर के सभी होटल और विवाह भवन पहले ही बुक हो चुके हैं। होटल मालिक संतोष जायसवाल, रवि लोहिया, अरमान खान आदि ने बताया कि कोरोना के बाद पहली बार पहले ही होटल के सभी कमरे बुक हो चुके हैं। इस बार 70 हजार से लेकर तीन लाख रुपये तक होटल की बुकिंग हुई है। इसके अलावा टेंट-शामियाना, लाइट, साउंड, फूल, रसोइया, कैटरिंग सर्विस, विवाह भवन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, किराना, ज्वेलरी, कपड़े, दूध-दही आदि के कारोबारी भी सट्टा बुक कर चुके हैं।
पडरौना नगर के धर्मशाला रोड, गुदरीबाजार, साहगंज, नौकाटोला रोड, कोतवाली रोड समेत अन्य बाजारों में लोग शादियों के लिए सामान खरीदने पहुंच रहे हैं। लोग ज्वेलरी, कपड़े सहित अन्य सामान खरीद रहे हैं। फर्नीचर की दुकानों पर भी अलमारी, डबल और सिंगल बेड आदि की खरीदारी हो रही है। कपड़ा व्यवसायी प्रदीप चहाड़िया, विष्णु टिबड़वाल, रमेश अग्रवाल, सुरेश शर्मा, जगदंबा टिबड़ेवाल, लालू बंका आदि ने बताया कि इस बार पांच सौ से 15 हजार रुपये तक दुल्हन और दुल्हे के कपड़े मगाए गए हैं। दुकानदारों ने बताया कि इस बार शिफॉन, शीमर, अरगंजा, बरबरी, सिल्क, जारजेट, बनारसी, कांजीवरम, टसर सिल्क, जयपुरी आदि किस्म के कपड़ों की अधिक मांग है।
यह है विवाह का शुभ मुहूर्त
पंडित वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि देवोत्थन एकादशी पर अबुझ तिथि होने पर वैवाहिक आयोजन संपन्न किए जा सकते हैं। इसे लेकर 2022 में कुल 15 दिन वैवाहिक मुहूर्त हैं। 25 से 29 नवंबर तक विवाह के लिए सर्वोत्तम मुहूर्त हैं। जबकि दिसंबर में एक, दो, चार, सात, आठ, नौ, 13 और 15 वैवाहिक आयोजन के श्रेष्ठ मुहूर्त हैं।