लक्ष्मीगंज। परसिया टोला में खेत की जुताई के दौरान नाना के साथ ट्रैक्टर पर बैठे पांच वर्षीय नाती की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत के बाद गांव में मातम छा गया है। गर्मी की छुट्टी में बच्चों को लेकर मायके पहुंची दुर्गा के जिगर का टुकड़ा अब दुनिया में नहीं है।
इस हादसे से हर कोई किस्मत को कोस रहा है। बच्चे की मां दुर्गा देवी पूरी तरह टूट गईं है। बेटे निखिल की मौत के बाद रोते-बिलखते हुए शुक्रवार शाम को अपनी बेटी के साथ महाराजगंज जिले के कोलुहा गांव लौट गई।
क्षेत्र के खोटही गांव के परसिया टोला निवासी रोझन कुशवाहा अपनी पुत्री दुर्गा देवी की शादी आठ वर्ष पूर्व महराजगंज जिले के कोलुहा सवया ढाला के पास हुई थी। दुर्गा देवी के पति विदेश में रहकर कमाते हैं। दुर्गा देवी की दो संतान बेटा निखिल (5) और एक छोटी बेटी रिंकी (3) थी। बच्चों की गर्मी की छुट्टी में वह दोनों को लेकर अपने मायके परसिया टोला आई थी। नाना रोझन कुशवाहा ट्रैक्टर व रोटावेटर लेकर खेत जोतने निकले।
उसी समय नाती निखिल कुशवाहा नाना के साथ ट्रैक्टर पर बैठने की जिद करने लगा। इस पर वह निखिल को ट्रैक्टर पर साथ में बिठाकर खेत की जुताई करने लगे। खेत जोतते समय अचानक निखिल ट्रैक्टर से गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन निखिल को इलाज के लिए सीएचसी कप्तानगंज ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। बेटे की मृत्यु के बाद मां शुक्रवार शाम को अपनी बेटी के साथ महाराजगंज जिले के कोलुहा गांव घर लौट गई।