पडरौना। शहर के बेलवा चुंगी चौराहे पर स्थित शायरी माता मंदिर का अब नए सिरे से जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है।
जीर्णोद्धार में खर्च होने वाले धन को लेकर इस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। मंदिर परिसर की बाउंड्री, दुर्गा मंदिर व शिव मंदिर के छत का भी निर्माण कराया जाएगा। परिसर में स्थित धर्मशाला का भी पुनर्निर्माण होगा। सब कुछ ठीक रहा तो नए साल में जनवरी महीने से काम भी शुरू हो जाएगा।
बेलवा चुंगी चौराहे पर शायरी माता मंदिर है, जहां कई मोहल्ले के लोग पूजन-अर्चन करने पहुंचते हैं। मंदिर के छत की हालत काफी खराब हो चुकी है तो परिसर की बाउंड्रीवाल भी ठीक नहीं रह गई है। कुछ साल पहले बने धर्मशाला का फर्श भी टूट गया है।
इसको लेकर सहस्रबाहु अर्जुननगर के सभासद अनिल जायसवाल ने पहल शुरू की। बोर्ड की बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए मंदिर का पुनर्निर्माण कराने का निर्णय लिया।
अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर पुनर्निर्माण को लेकर सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इस पर करीब 15 लाख से अधिक रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों मंदिर का छत लगने के साथ ही बाउंड्रीवाल का निर्माण व धर्मशाला तथा मंदिर के फर्श पर टायल्स लगाए जाएंगे।