कसया। रविवार को विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर राजकीय बौद्घ संग्रहालय कुशीनगर में छाया चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। स्मारक आधारित यह छाया चित्र प्रदर्शनी अवलोकन के लिए एक सप्ताह तक लगी रहेगी। इसमें सांस्कृतिक विरासतों के महत्व व उनके संरक्षण के प्रति जागरुकता पर आधारित आकृतियां बनी हैं।
रविवार से शुरू हुई इस प्रदर्शनी को देखने केलिए स्कूली बच्चों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रदर्शनी में भारत एवं विश्व के प्रमुख स्मारकों को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। विश्व के धरोहरों में माचू पिचू, चीन की दीवार, रोम का कोलोसियस, मिस्र के पिरामिड, एफिल टावर, लाहौर का मुगल गार्डेन और देश के विविध धार्मिक स्मारक, किले, मकबरों आदि को छाया चित्र के माध्यम से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को स्मारकों की सुरक्षा व संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
संग्रहालयाध्यक्ष अमित द्विवेदी ने बताया कि संस्कृति विभाग की ओर से जारी वार्षिक कैलेंडर के मुताबिक ही प्रदर्शनी लगाई जाती है।