फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात दुकानों और पांच घरों में आगजनी

Thu, 13 Oct 2016 11:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कुशीनगर
विज्ञापन
दुकानों में आगजनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस को एक धर्म स्थल के पास रोके जाने पर कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बतरौली बाजार में बृहस्पतिवार की दोपहर बाद बड़ा बवाल हो गया। पथराव, लूटपाट और सात दुकानों और पांच घरों में आगजनी की घटना से स्थिति बेकाबू हो गई। करीब डेढ़ घंटा बाद मौके पर कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों के साथ पहुंचे डीएम-एसपी ने मोर्चा संभाला, तब जाकर स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में आई। पुलिस ने मूर्तियों को अपनी निगरानी में ले जाकर विसर्जित कराया। गांव में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है। मौके पर डीआईजी शिवसागर सिंह भी पहुंच गए।
विज्ञापन

कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के बतरौली बाजार में बुधवार को मोहर्रम जुलूस को लेकर हल्का विवाद हुआ था। दोनों वर्गों की सहमति से मामला शांत भी हो गया था। बृहस्पतिवार को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना था। दोपहर बाद करीब ढाई बजे बतरौली बाजार के अलावा बगल के गांव रानीगंज और विशुनपुरा आदि की प्रतिमाएं कुबेरस्थान के भूपसागर पोखरे पर ले जाने के लिए जुलूस निकला। जुलूस बतरौली बाजार के धर्मस्थल के पास पहुंचा तो दूसरे वर्ग के लोगों ने आपत्ति जताते हुए इसे रोक दिया। कहासुनी के बाद एक तरफ से पथराव शुरू हो गया। जवाब में दूसरी तरफ से भी ईंट-पत्थर चलने लगे। मौके पर केवल एक एसआई और तीन-चार सिपाही ही मौजूद थे, जो बवाल होता देख उच्चाधिकारियों को सूचित कर किनारे हो गए। अनियंत्रित भीड़ ने दुकानों व घरों में लूटपाट के बाद आगजनी शुरू कर दी। पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। इस दौरान एक घर से हवाई फायरिंग से स्थिति और बेकाबू हो गई। एक बाइक भी फूंक दी गई।
करीब डेढ़ घंटे बाद डीएम शंभु कुमार, एसपी दीपक कुमार भट्ट, एएसपी लालसाहब यादव, सीओ सदर शशिशेखर सिंह कई थानों की फोर्स और दो कंपनी पीएसी लेकर पहुंचे। पुलिस फोर्स ने लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दुकानों और घरों में जल रही आग को बुझाना शुरू किया। भीड़ हटते ही पुलिस ने रुकी दुर्गा प्रतिमाओं को अपनी सुरक्षा में लेकर आगे बढ़ाया और विसर्जन के बाद गाड़ियों और लोगों को दूसरे रास्ते से वापस भेजा। डीएम-एसपी ने लोगों के घर-घर जाकर शांति बनाने की अपील की और घायलों को अपनी गाड़ियों से इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। इस बवाल में एक पक्ष से बलवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुनील यादव, रामानंद प्रसाद, ब्रजेश, राकेश, मुन्ना उर्फ राजेंद्र आदि घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से हाजी समसुद्दीन, अलीशान, मेराजुलहक आदि घायल हो गए। इसके अलावा दोनों पक्षों से 20 से ज्यादे लोगों को हल्की चोटें आई हैं। डीआईजी, डीएम और एसपी गांव में घूमकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।
विज्ञापन


थोड़ी देर के लिए मची अफरा-तफरी
कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के कुरहवा में भी मूर्ति विसर्जन के जुलूस को रोकने को लेकर दोनों वर्गों के लोग आमने-सामने हो गए थे। मौके पर पहुंची रामकोला और कसया पुलिस ने स्थिति को संभाला। इसके बाद फोर्स की मौजूदगी में मूर्तियों का विसर्जन कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें