तमकुहीरोड। सेवरही नगर पंचायत के महाबीर नगर निवासी युवक दुबई की एक कंपनी में कार्यरत था। वहां किसी ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी शुक्रवार को मौत हो गई। इसकी सूचना परिजनों काे मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार ने देवरिया के सांसद से युवक का शव वापस मंगाए जाने की गुहार लगाई है।
सेवरही नगर पंचायत के महाबीर नगर निवासी दिप्यांशु कुमार जायसवाल (29) 21 सितंबर को दुबई गया था। जहां वह एक कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्य कर रहा था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को जब वह अपने रूम पर गया तो किसी ने उन पर जानलेवा हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही वहां की पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए हास्पिटल ले गई। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
इस घटना की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में चीख पुकार मच गई। युवक दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। पीड़ित परिवार ने इस घटना की जानकारी देवरिया के सांसद शशांक मणि को देते हुए उनसे दुबई स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से युवक के शव को वापस भारत मंगाए जाने की गुहार लगाई है।