कसया। बिल्डर के यहां 65 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि किर्गिस्तान पहुंचने पर उसे बिल्डर के बजाय जबरन मजदूरी कराई गई। विरोध करने पर मारपीट कर पासपोर्ट छीन लिया गया और जबरन कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए गए। किसी तरह स्वदेश लौटे युवक ने कसया थाने में तीन जालसाजों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कसया थाना क्षेत्र के श्यामपुर हतवा के प्रकाश सिंह ने तहरीर में बताया कि करहिया हजारीपट्टी निवासी राहुल सिंह और विवेक सिंह ने उसे किर्गिस्तान में बिल्डर के यहां काम दिलाने तथा 65 हजार रुपये मासिक वेतन का भरोसा दिया था। उसके लिए फोनपे, नकद और मेडिकल खर्च के नाम पर 1.18 लाख रुपये लिए गए।
पीड़ित के अनुसार, छह अगस्त 2023 को उसे दिल्ली से किर्गिस्तान भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद उसे निर्माण कार्य के बजाय मजदूरी में लगा दिया गया। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संवाद