दुकानों के सामने गंदगी मिली तो लगेगा जुर्माना
गंदगी फैलाने वालों पर प्रशासन सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। नगरपालिका कुशीनगर व नगर पंचायत फाजिलनगर क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सबसे पहले दुकानदारों पर यह कार्रवाई होगी। जिन दुकानों के आगे कूड़ा दिखेगा, उस दुकानदार के खिलाफ पहले जुर्माना लगाया जाएगा। दुबारा वही हालत मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा।
पर्यटन स्थली कुशीनगर को चमकाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसके अलावा फाजिलनगर पर भी प्रशासन का ध्यान है। कुशीनगर आने वाले तमाम पर्यटक फाजिलनगर तक जाते हैं। परंतु गंदगी के चलते विदेशों में देश की छवि खराब होती है। इसको देखते हुए प्रशासन ने कुशीनगर व फाजिलनगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान का निर्णय लिया है। इसके तहत होटल, किराना, चाय-पान, नर्सिंग होम, मांस-मछली के दुकानदारों को दुकान के आगे कूड़ादान अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया गया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कुशीनगर नगरपालिका व फाजिलनगर नगर पंचायत क्षेत्र में बार-बार स्वच्छता बनाए रखने की अपील के बाद भी लोग साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दे रहे है। इससे नगरों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि खराब हो रही है। ऐसे में जुर्माना व दंड की व्यवस्था जरूरी हो गई है। नियमित व औचक निरीक्षण में जिस दुकान व प्रतिष्ठान के सामने गंदगी मिलेगी उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी भी नियुक्त कर दिया गया है। यदि सुधार नहीं हुआ तो दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।