कुशीनगर। बिहार के सिवान जिले में सभा के लिए पीएम मोदी कुशीनगर से होकर वहां जाएंगे। ट्रांजिट कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई है। इसे लेकर पूरा प्रशासनिक महकमा मोर्चा संभाल लिया हैं। मंगलवार की शाम को एसपीजी के साथ डीएम, एसपी की बैठक के बाद बुधवार को पीएम की सभा को लेकर पूरा प्रशासन अलर्ट है। पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी। इसमें राजस्वकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि न केवल एयरपोर्ट बल्कि यहां से बुद्ध के मुख्य मंदिर तक भी सुरक्षा को लेकर तैयारियां हो रही है। 20 मिनट प्रधानमंत्री एयरपोर्ट रूकेंगे और पार्टी के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
जिले में 20 जून को पीएम मोदी के आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर रात-दिन तैयारी चल रही है। बताया जा रहा कि पीएम की सुरक्षा के मद्देनजर शहर में नजर आनेवाले हर नए चेहरे पर जांच एजेंसियों की पैनी निगाहें लगी हुई हैं। इसके अलावा कुशीनगर पुलिस ने एयरपोर्ट के आसपास डाइवर्जन लागू कर दिया है।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट से लेकर आस-पास के इलाके में करीब 500 पुलिस फोर्स की तैनाती किए जाने की बात सामने आ रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट के एक-एक इंच जमीन का स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने निरीक्षण करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एसपीजी की टीम बुधवार को एयरपोर्ट का बारीकी से मुआयना की। इधर, एसपीजी के आने के साथ ही आम लोगों का एयरपोर्ट और उसके आस-पास के इलाके में अनाधिकृत रूप से प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। बताया जा रहा कि पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए विगत कई दिनों से आइबी व स्पेशल ब्रांच के अधिकारी भी रेलवे स्टेशन की जांच कर रहे हैं। एयरपोर्ट के अंदर और बाहर तथा सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई जा रही है। इसके लिए दो ब्लॉक के सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
बदला रहेगा रूट
एयरपोर्ट पर आगमन को लेकर कुशीनगर व कसया में रूट डायवर्जन किया गया है। समय सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा। इसके लिए 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पडरौना की ओर से गोरखपुर जाने वाले कामर्शियल वाहन (ट्रक, ट्रेलर, डीसीएम, टैक्टर ट्राली, ट्राला इत्यादि) पडरौना, बैरियां काटा, सपहा नहर, गोपालगढ़ (एनएच 28) होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। गोरखपुर, हाटा, कसया होकर पडरौना की तरफ आने वाले सभी कामर्शियल वाहन (ट्रक, ट्रेलर, डीसीएम, टैक्टर ट्राली,ट्राला इत्यादि) गोपालगढ़ (एनएच28), सपहा नहर, बैरिया काटा के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे। भलुही मदारी पट्टी चौराहे से सभी प्रकार के प्राईवेट वाहन (चारपहिया, दोपहिया इत्यादि) एयरपोर्ट की तरफ पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। एयरपोर्ट कट (मैक्स हास्पिटल के पास) नियर विशुनपुरा कट से सभी प्रकार के प्राईवेट वाहन (चारपहिया, दोपहिया इत्यादि) एयरपोर्ट की तरफ पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।