तमकुहीरोड। सेवरही नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए सीसी कैमरे अब अधिकांश स्थानों पर खराब पड़े हैं। कई जगह कैमरे बंद होकर बिजली के खंभों से लटकते नजर आ रहे हैं। इससे नगर की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, आजाद चौक समेत कई प्रमुख और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए थे। शुरुआत में इन कैमरों से निगरानी व्यवस्था बेहतर हुई, लेकिन वर्तमान में कई कैमरे खराब होने के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, जिन बिजली के खंभों पर सीसी कैमरे लगाए गए हैं, वहां वाई-फाई के तार, डीपी और पोस्टर-बैनर लगाने के लिए बार-बार लोग चढ़ते हैं। इससे कैमरों के कनेक्शन प्रभावित हो जाते हैं और कई बार कैमरे काम करना बंद कर देते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेवरही कस्बे में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से सभी सीसी कैमरों को जल्द दुरुस्त कराया जाना जरूरी है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी घटना की स्थिति में निगरानी फुटेज का उपयोग हो सके। नगर पंचायत अध्यक्ष सोनिया जायसवाल ने बताया कि खराब पड़े सीसी कैमरों को जल्द ही ठीक कराया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।