खडडा। विकास खंड के नौतार जंगल गांव के आवास लाभार्थी की मृत्यु के बाद दूसरे के खाते में 1.20 लाख रुपये भेजकर हड़पने वाले ग्राम विकास अधिकारी उदयभान शर्मा को तत्काल प्रभाव से जिला विकास अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। खंड विकास अधिकारी हाटा को आरोप पत्र तैयार कर अधिकतम 15 दिन के अंदर प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार नौतार जंगल गांव के लक्ष्मण उर्फ मुसहर ने शिकायत किया था कि उसकी मां मुनिया पत्नी ढेवरी के नाम प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। इसी दौरान मुनिया की मृत्यु हो गई। तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी ने कूटरचना व धोखाधड़ी करते हुए मिलते-जुलते नाम मुनिया देवी पत्नी गोबरी (अपात्र) के नाम एयरटेल पेमेंट बैंक में खाता खोल 31 अक्टूबर 2023 को 40 हजार, 19 दिसंबर 2023 को 70 हजार, 15 जनवरी 2024 को 10 हजार रुपये कुल 1.20 लाख रुपये भेजकर निकाल कर हड़प लिए। इससे वास्तविक लाभार्थी को लाभ से वंचित होना पड़ा। झोपड़ी में गुजर बसर कर रहे वास्तविक मुनिया (मृतक) के वारिस पुत्र लक्ष्मण उर्फ मुसहर ने इसकी शिकायत डीएम से की।
डीएम के आदेश पर पीडी ने जांच किया तो जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाया गया और उदयभान शर्मा को दोषी मानकर कार्रवाई हेतु जिला विकास अधिकारी को पत्र भेज दिया।
जिला विकास अधिकारी अरूण कुमार पांडेय ने कार्रवाई करते हुए उदयभान शर्मा को निलंबित कर दिया। उन्हें हाटा विकास खंड से अटैच कर दिया है। हाटा के खंड विकास अधिकारी को जांच अधिकारी नामित कर अधिकतम 15 दिन के अंदर आरोप पत्र प्रस्तुत करने को कहा है। खंड विकास अधिकारी खड्डा प्रहलाद सिंह ने ग्राम विकास अधिकारी उदयभान शर्मा के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि आदेश के अनुसार अगली कार्रवाई चल रही है।