कसया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर पर शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आगमन होगा। यह उनका ट्रांजिट कार्यक्रम है। गृहमंत्री कोलकाता से बीएसएफ के विमान से कुशीनगर आएंगे और यहां से हेलीकॉप्टर से बिहार के बेतिया पश्चिमी चंपारण में कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे।
बृहस्पतिवार शाम को एयरपोर्ट परिसर में डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। गृह मंत्री का विमान शुक्रवार को कुशीनगर एयरपोर्ट पर दोपहर 2.10 बजे पहुंचेगा और हेलीकॉप्टर से 2 बजकर 15 मिनट पर यहां से बिहार के बेतिया पश्चिमी चंपारण के लिए रवाना हो जाएंगे। कुशीनगर स्थित लोटस, जेपी पैलेस, इंपीरियल, एडल्फी होटल में सुरक्षा दस्ता के रहने के लिए 10 कमरे सुरक्षित किए गए हैं। इस दौरान डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी केशव कुमार, सीआरपीएफ के एएससी राज कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एडीएम वैभव मिश्रा, सीओ कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।