पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के पचफेड़ा में मुफलिसी की जिंदगी काट रही महिला का प्रधानमंत्री आवास की सर्वे सूची में नाम नहीं होने का मामला सामने आने के बाद जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। फटकार के बाद महिला को योजना का लाभ दिलाने के बजाय उसके नाम पूर्व में आवास जारी होने का दावा करते हुए सचिव और प्रधान प्रतिनिधि बीस वर्ष पुराने रजिस्टर में रिकॉर्ड तलाशते रहे। हालांकि, पूरे दिन रजिस्टर खंगालने के बाद भी महिला के नाम आवास जारी होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
पचफेड़ा गांव निवासी सहोदरा देवी दो बेटों के परिवार के साथ जर्जर फूस की झोपड़ी में रहती हैं। इसके बावजूद पीएम आवास की सर्वे सूची में उनका नाम शामिल नहीं है। मामला संज्ञान में आने पर अधिकारियों ने सचिव को फटकार लगाई। मंगलवार को सचिव रामविनय यादव और प्रधान प्रतिनिधि भीम यादव ने ब्लॉक मुख्यालय पर बीस वर्ष पुराने रजिस्टर को देखने के बाद आवास जारी होने का रिकॉर्ड तलाशा। पूरे दिन तलाश के बाद भी ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। बीडीओ मनोज शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। गांवों में भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। अगर महिला पात्र होगी, तो आवास उपलब्ध कराया जाएगा। संवाद