हाटा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित अंग्रेजी माध्यम के मॉडल स्कूल में किसी शिक्षक की स्थायी रूप से तैनाती नहीं है। इस स्कूल को दूसरे विद्यालयों में तैनात शिक्षिकाओं को संबद्ध करके संचालित किया जा रहा है।
शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश का पहला अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालित किया गया। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से करीब 350 बच्चों का प्रवेश भी हुआ, लेकिन इस स्कूल में एक भी स्थायी शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई।
कई विद्यालयों में नियुक्त छह प्रशिक्षु शिक्षिकाओं को यहां से संबद्ध कर स्कूल की शुरूआत कर दी गई। मॉडल स्कूल को खुले एक वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी यहां स्थायी रूप से शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से अनिश्चितता का माहौल है। अभिभावक भी चिंतित हैं।
इस मामले को लेकर कुछ अभिभावक दो दिन पहले डीएम से मुलाकात कर स्कूल में स्थायी शिक्षकों को नियुक्त करने की मांग कर चुके हैं। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी एसएन प्रजापति ने बताया कि मॉडल स्कूल में शिक्षकों की समस्या से उच्चाधिकारी अवगत हैं।