पडरौना। जिले में दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बाजार में खरीदारी के लिए इतनी भीड़ रही कि आने-जाने वाले लोग जाम से जूझते रहे।
जूनियर हाईस्कूल में लगी पटाखों की दुकानों पर लोग देर शाम तक खरीदारी करते रहे। शाम को माता लक्ष्मी और सिद्धि विनायक गणेश जी की पूजा के बाद खूब आतिशबाजी की गई।
पूरी रात पटाखे और आतिशबाजी से गगन गूंजता रहा।
दीपावली पर माता लक्ष्मी और गणेश की पूजा के लिए सुबह से ही लोग घरों की सफाई और पूजा की तैयारी में लगे रहे। शाम को शहर और देहात में दीपक और झालरों की रोशनी में हर घर जगमगा उठा। बाजार में मिठाइयों, पटाखों और सजावटी सामानों की खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही।
पडरौना के कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, मेन बाजार रोड, गुदरी बाजार, जटहां रोड सहित सभी प्रमुख मार्गों पर भीड़ के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बाजार में देवी-देवताओं की तस्वीरें, पटाखे, खिलौने आदि के दुकानों पर शाम तक भीड़ लगी रही। दीपावली के दिन सूरन की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही।
लोगों सूरन की खरीदारी की। घरों को इलेक्ट्रॉनिक झालरों और दीपक से सजाया गया था। नगर के छावनी पूर्वी में तीन जगह मां लक्ष्मी और गणेशजी के पंडाल बनाए गए थे, जहां पर मूर्तियां स्थापित कर पूजा की गई।