खड्डा। एसडीएम खड्डा ने शनिवार को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई के लिए चयनित मॉडल प्राइमरी स्कूल बहोर छपरा का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को अलग-अलग विषय पढ़ाए। एसडीएम ने एमडीएम का भी स्वाद चखा।
सुबह लगभग 11 बजे एसडीएम खड्डा अरविंद कुमार बहोरछपरा गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और सीधे कक्षा एक व दो में जाकर बच्चों से बात की। इसके बाद वह कक्षा चार में पहुंचे और बच्चों से पढ़ाई के लिए पूछा। इसके बाद एसडीएम ने श्यामपट्ट पर गणित, हिन्दी, अग्रेजी से संबंधित जानकारी बच्चों को दी। बच्चों से सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्न पूछे जिसका सही उत्तर बच्चों ने दिया। करीब एक घंटे तक वहां रहे एसडीएम ने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों से पढ़ाने में आ रही दिक्कतों पर चर्चा करते हुए शिक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मध्याह्न भोजन को भी चखा।