कसया। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं की शिकायत पर मंगलवार को एसडीएम कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अवैध रूप से चल रही दुकानों को बंद करवा दिया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दिया कि वे शीघ्र ही अपने-अपने सामान को हटा लें, अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी। दो दिन पूर्व तहसील परिसर में एक अधिवक्ता द्वारा बनाए गए चैंबर को एक दुकानदार ने तोड़कर वहां अपना सामान रख दिया था। इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और परिसर से अवैध दुकानों को हटाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार बड़ी-बड़ी लोहे की दुकानें रखकर कब्जा किए हुए हैं। पूछने पर वे एसडीएम से परमिशन होने की बात कहते हैं, लेकिन कोई प्रमाण नहीं दिखाते। साथ ही अधिवक्ताओं का आरोप है कि ये दुकानदार देर रात तहसील परिसर में रुकते हैं, नशा करते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल नायब तहसीलदार संदीप कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जब दुकानदारों से परमिशन की कॉपी मांगी गई तो वे कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर एसडीएम ने सभी दुकानों को तत्काल बंद करने का आदेश दिया।
एसडीएम ने बताया कि तहसील परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध दुकान की अनुमति नहीं है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के तहत दुकानों की नीलामी कराई जाएगी और इच्छुक लोग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। यदि इसके बाद भी कोई व्यक्ति अवैध रूप से दुकान खोलेगा तो उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।