पडरौना। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया में ट्रक से बैटरी व केबिन से 30 हजार रुपये चोरी के आरोप की जांच करने पहुंची पुलिस से युवक व महिलाओं ने मारपीट व हाथापाई की। दरोगा को थप्पड़ मारने का भी आरोप है। 29 मई को हुई वारदात के बाद पुलिस ने पूरा वाकया जीडी में तो दर्ज कर लिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसपी के निर्देश पर रविवार को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पचरुखिया गांव निवासी संदीप कुमार 22 मई को मोरंग लदे ट्रक की चपेट में आ गए थे। नाराज गांव वालों ने ट्रक पर पथराव कर आगजनी की कोशिश की थी। पुलिस ने लोगों को शांत कराने के बाद मोरंग लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया था। 29 मई को ट्रक मालिक ने हादसे के बाद ट्रक की केबिन में रखे 30 हजार रुपये और बैटरी चोरी की तहरीर दी। 29 मई को जांच करने हलका दरोगा राजकुमार, सिपाही सौरभ यादव, सिपाही अविनाश यादव पहुंचे।
पुलिस का कहना है कि संदेह के आधार पर सुगंती देवी के बेटे मुकेश से पुलिस पूछताछ करने लगी। आरोप है कि मुकेश पुलिस वालों से उलझ गया और थप्पड़ जड़ दिया। सुगंती देवी, बृजेश और रिश्तेदारी में आई कसया थाना क्षेत्र के करहिया गांव की मधु गुप्ता ने पुलिसकर्मियों की काॅलर पकड़ ली। इस दौरान धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। उस दिन पुलिस चली आई और पूरा घटनाक्रम जीडी में दर्ज कर लिया। उधर, ट्रक की चपेट में आए घायल संदीप की इलाज के दौरान एक जून को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
इधर सोशल मीडिया पर पुलिस से मारपीट का वीडियो वायरल होने पर मामला सुर्खियों में आ गया। हालांकि पुलिस से मारपीट के वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर रविवार को दरोगा राजकुमार की तहरीर पर दो महिलाओं समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सुंगती देवी और उनके पुत्र बृजेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हालांकि, गांव वालों का आरोप है कि पुलिस वालों के अपशब्द कहने और धक्का देने के बाद मामला बिगड़ा।
वर्जन
जांच करने गई पुलिस के साथ मारपीट करने वाले सुगंती देवी, इसका बेटा मुकेश, बृजेश, मधु गुप्ता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, वर्दी फाड़ने समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी सुगंती देवी व बृजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामला उसी दिन जीडी में दर्ज कर लिया गया था। एसपी के आदेश पर आज कार्रवाई की गई है। - अजय कुमार सिंह, सीओ
-
पुलिस कस्टडी में खड़े ट्रक से उतर गया मोरंग
-हादसे के बाद पुलिस मोरंग लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस कस्टडी में खड़े ट्रक से लू उतार कर खाली कर दिया गया है। इसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सवाल खड़ा हो रहा है कि पुलिस ने जब ट्रक को सीज कर दिया तो बालू किसके आदेश से उतारा गया। सीओ इस मामले की जांच कर रहे हैं।