पडरौना। कौशाम्बी में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। पटाखों की दुकानों और निर्माण स्थल की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी है। अभियान के दौरान लाइसेंस, अग्निशमन व्यवस्था, पटाखों के भंडारण और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में फिलहाल एक स्थान पर पटाखा बनता है, जबकि सात दुकानों से बिक्री की जाती है। प्रयागराज की घटना के बाद सभी स्थानों की पड़ताल की जाएगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुपात्र शंखचक्रधर ने बताया कि पटाखों के निर्माण और भंडारण में थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ऐसे में अभियान के दौरान विशेष रूप से यह देखा जाएगा कि पटाखों का भंडारण निर्धारित मात्रा और सुरक्षित स्थान पर किया जा रहा है या नहीं।
साथ ही दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, बिजली की वायरिंग, निकासी की व्यवस्था और आसपास ज्वलनशील सामग्री की स्थिति भी जांची जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन दुकानदारों के लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं होंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए पटाखों की बिक्री बढ़ने की संभावना है। ऐसे में विभाग किसी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए पहले से ही सतर्कता बरत रहा है।
अधिकारियों की टीम अभियान के दौरान दुकानदारों को सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी करेगी। संवाद