गंगुआ बाजार। चौरा खास थाना क्षेत्र के मंगुरीपट्टी गांव के समीप बरातियों से भरी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर ट्रांसफाॅर्मर लगे पोल में टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्काॅर्पियो कई पलटी खाकर पलट गई और उसका चारों चक्का ऊपर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एयरबैग खुलने से उसमें सवार लोगों की कोई नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब सात बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गंगुआ गांव से पटहेरवा थाना क्षेत्र के करमहा गांव में बारात जा रही थी। बताया जाता है कि बारात अभी क्षेत्र के समउर-फाजिलनगर मार्ग पर स्थित मंगुरीपट्टी गांव के समीप पहुंची थी कि बरातियों को लेकर जा रही एक स्काॅर्पियो अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल में जाकरर टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी कई बार पलटी मारने के बाद उसका चक्का ऊपर हो गया। हालांकि, सवार बरातियों को मामूली चोटें आईं।
जबकि, दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बीच-बचाव के साथ उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।