फाजिलनगर। पटहेरवा थाना के फाजिलनगर बघौचघाट मार्ग पर अशोगवा गांव के सामने तेज गति स्काॅर्पियो ने एक बाइक काे रौंदते हुए अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर पलट गई। बाइक सवार का घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो में सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों में एक को छोड़कर सभी को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
चौराखास थाना क्षेत्र के बकुलहर निवासी 48 वर्षीय उमेश मिश्रा की भतीजी का शनिवार को तिलक गया था। रविवार को भोर में अपने घर से सुबह सात बजे किसी कार्य से फाजिलनगर जा रहे थे। अभी वह अशोगवा गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से तेज गति आ रही अनियंत्रित स्काॅर्पियो उनको रौंदते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। वहीं स्काॅर्पियों में सवार हरहंगी (71) निवासी तिवारी छपरा, श्रीप्रकाश (52) निवासी बनकटा बाजार, देवी वर्मा (80), धनेश वर्मा (40), हरिलाल (65), रामकैलाश (60), सभी निवासी पांडेय बरदहा, मोहित (28) निवासी सेमरिया बिहार और मुकेश वर्मा (30) निवासी हाटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मौके पर जुटे लोगों का कहना था कि स्काॅर्पियो का चालक बरात से लौट रहा था और अचानक झपकी आने से हादसा हुआ। थानाध्यक्ष पटहेरवा दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।