पडरौना। घर की जमीन के बंटवारे और शादी के खर्च को लेकर हुए विवाद में बेटे ने पिता के पेट में चाकू घोंप दिया। बीच-बचाव करने आया मौसेरा भाई भी जख्मी हो गया। घायलों को लोग कुशीनगर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं पडरौना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी बेटे को जेल भेज दिया है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मईला नगरी गांव निवासी सैफुल पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल धर्मपुर टोला विशुनपुरा निवासी अपने साढ़ू के घर शनिवार को आए थे। यहां पर सैफुल का नेवासा भी है। शाम करीब 6:30 बजे इनका बेटा गहवर अली भी अपने मौसा के घर पहुंचा गया और पिता से घर के बंटवारे और बहन की शादी के खर्च को लेकर विवाद करने लगा। पिता का तर्क था कि बेटी की शादी का खर्च दूंगा, लेकिन बेहतर कोई रिश्ता मिले तो शादी की जाएगी। जल्दबाजी में रिश्ता नहीं करूंगा। इसी बात को लेकर गहवर अली आग बबूला हो गया और जेब से चाकू से निकालकर पिता के पेट में घोंप दिया।
यह देख मौसा का बेटा इस्माइल बीच-बचाव करने आया तो इसके हाथ में चाकू लग गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गहवर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। इसकी खबर मिलते ही गांव वालों को भीड़ जुट गई। घायल सैफुल को लोग कुशीनगर मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां हालत गंभीर बताकर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां घायल का इलाज चल रहा है और तबीयत में सुधार बताई जा रही है। पडरौना कोतवाली पुलिस ने इस्माइल की तहरीर पर गहवर अली पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाल रवि राय ने बताया कि पारिवारिक विवाद में युवक ने पिता को चाकू मारा है। इसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।