शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने धरना दिया। ये लोग बीते 16 मई को बीएसए कार्यालय पर हुए बवाल के बाद प्राइवेट स्कूल संचालकों पर दर्ज मुकदमे का विरोध कर रहे थे। संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीडीओ को देकर आंदोलन स्थगित किया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जयप्र्रकाश मिश्र की अगुवाई में धरना दे रहे स्कूल संचालकों का कहना था कि आठ मई 2013 को शासन ने प्राइवेट स्कूलों की मान्यता संबंधी नियमों को सरल बनाया था। साथ ही बिना मान्यता वाले स्कूलों पर लगने वाले एक लाख तक के जुर्माना पर भी रोक लगाई थी। इसके बाद भी बीईओ प्राइवेट स्कूल संचालकों का उत्पीड़न कर रहे हैं।
बीते 16 मई को इसी मामले को लेकर स्कूल संचालक बीएसए कार्यालय परिसर में आंदोलन कर रहे थे। वहां दोपहर बाद भी कोई अधिकारी स्कूल संचालकों का ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें कई स्कूल संचालकों को गंभीर चोटें आईं। इस मामले में स्कूल संचालकों पर कई गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए।
संगठन की तरफ से दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि इस मामले में शामिल सभी अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाए। घटना की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। स्कूल संचालकों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं तथा गिरफ्तार लोगों को रिहा किया जाए।
बीएसए कार्यालय की तरफ से दी जा रही नोटिस पर रोक लगाई जाए। मान्यता संबंधी नियमों को सरल बनाया जाय तथा जिनका आवेदन हो चुका है उन्हें मान्यता प्रदान की जाय। इस दौरान राजेंद्र शुक्ल, संजय, विपिन, सुदर्शन समेत कई संचालक मौजूद थे।