संतकबीरनगर/ मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए दो चरणों में स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। पहला चरण एक अप्रैल से शुरू होगा, तो दूसरा चरण जुलाई में होगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 1247 प्राथमिक पूर्व माध्यमिक व कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं, जिसमें करीब एक लाख 20 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। आगामी सत्र में नामांकन बढ़ाने के लिए 10 से 15 प्रतिशत का लक्ष्य तय किया गया है। पहले चरण में शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे।
उन्होंने कहा कि बीईओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, और वे अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। शिक्षक अभिभावकों से संपर्क बनाए रखें। परीक्षा परिणाम के समय बैठक करने व बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा गया है। साथ ही ऐसे बच्चों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जो कुछ दिन स्कूल आने के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। उन्हें दोबारा स्कूल लाया जाए।