सेटेलाइट ने पकड़ी 14 जगहों पर पराली जलाने की घटना
पडरौना। फसलों का अवशेष जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की तरफ से किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही साथ ही सेटेलाइट से इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले में सेटेलाइट के जरिए 14 जगहों पर पराली जलाने की घटना पकड़ में आई है। चार मामलों में मुकदमा दर्ज कराया गया है जबकि 10 किसानों पर जुर्माना लगाया गया है।
खेत में पराली या फसलों के अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद मित्र कीट नष्ट होते हैं। इसके अलावा खेत में नाइट्रोजन समेत अन्य कई पोषक तत्वों की कमी हो जाती है। इससे पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। इससे बचाव के लिए शासन और प्रशासन की तरफ से विभिन्न माध्यमों से खेतों में पराली नहीं जलाने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद, जिले के कई किसान खेत में पराली जला रहे हैं। पराली जलाने के आरोप में जिले के 14 किसानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसमें तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया निवासी रूदल, अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के महुअवा निवासी रामजीत, पटहेरवा थाना क्षेत्र के चौराश्रीराम किशुनशाही निवासी रविंद्र और कसया थाना क्षेत्र के जिगना निवासी रहमतुल्लाह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा 10 किसानों पर जुर्माना किया गया है।
कृषि उपनिदेशक चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि पराली या फसलों के अवशेष नहीं जलाने के लिए किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद कई जगह किसान पराली जला रहे हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही खेत की उर्वरा में कमी आती है। पराली जलाने की 14 घटनाएं सेटेलाइट ने पकड़ी हैं। इनमें चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जबकि 10 किसानों के खिलाफ जुर्माना समेत अन्य कार्रवाई की जा रही है।