तमकुहीराज। संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी खास गांव में 24 जून की रात तीन घरों में हुई चोरी के मामले में धनघटा पुलिस ने तमकुहीराज थाना क्षेत्र के खुदरा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
धनघटा थाना क्षेत्र के सिरसी खास निवासी दयानरायण राय के घर में 24 जून की रात में अज्ञात चोरों ने पिछले कमरे की खिड़की का ग्रील निकालकर घर में दाखिल हुए। आलमारी का लॉकर तोड़कर कर उसमें रखा 50 हजार नकद, दो चेन, अंगूठी, आदि गहने उठा ले गए। उसी रात गांव के रामकृष्ण राय के मकान के बाहर की खिड़की का ग्रील तोड़कर घर में दाखिल हुए और आलमारी का लॉक तोड़कर दो लाख रुपये, हार, तीन चेन आदि चुरा लें गए। धर्मेन्द्र कुमार यादव के घर में घुसकर चोरों ने 10 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, हार आदि उठा ले गए। पुलिस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना में जुट गई। कुछ संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम शुक्रवार को तमकुहीराज पुलिस से संपर्क कर एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मदद मांगी। तमकुहीराज पुलिस के सहयोग से शनिवार को धनघटा पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर साथ लेकर चली गई।
इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र के खुदरा निवासी बुलेट गौड़ की गिरफ्तारी के लिए संतकबीरनगर जिले की पुलिस टीम आई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस टीम साथ लेकर चली गई।