दाहूगंज। घर से कुशीनगर स्थित किराए के कमरे पर नौ जुलाई को जाने की बात कह कर निकले युवक का शव शनिवार को बिहार के गोपालगंज जिले के अमया छोटी गंडक नगर में पानी में उतराता मिला। जानकारी के बाद मौके पर आई बिहार पुलिस ने शव को कब्जे मेें ली है। घर वाले हत्या का आरोप लगाए हैं।
बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के कटया थाना क्षेत्र के अमया छोटी गंडक नहर में शनिवार को एक युवक का शव पानी में मिला। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया तो छानबीन के दौरान युवक के पास से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से मृत युवक की पहचान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोसाई पट्टी निवासी विश्वजीत शुक्ला पुत्र उपेंद्र शुक्ला (23) के रूप मे हुई। मृत युवक का ननिहाल भी बिहार के कटया थाना क्षेत्र अमया गांव में है। मृतक कुशीनगर मे किराये पर कमरा लेकर रहता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। मृतक युवक आठ जुलाई को तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोसाईपट्टी स्थित अपने घर आया था। नौ जुलाई को घर से राशन व जरूरी सामान लेकर वापस कुशीनगर के लिए निकला।
परिजनों ने के मुताबिक शाम तक युवक से मोबाइल के जरिये बातचीत हुई है लेकिन उसके बाद संपर्क के लिए फ़ोन किया गया है लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ है। इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया युवक के गायब होने की सूचना परिजनों ने तमकुहीराज पुलिस को नहीं दी है।