तमकुहीराज। यूनाईटेड स्पोर्टिंग क्लब की ओर से गाजीपुर गांव में चल रहे फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तमकुहीराज और सखवनिया के बीच खेला गया। सखवनिया की टीम ने तमकुहीराज को 1-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा कर लिया।
फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता केशव पांडेय एवं हियुवा नेता विनय जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। फाइनल मुकाबला राज हाईवे क्लब तमकुहीराज और पीके स्पोर्टिंग क्लब सखवनिया के बीच खेला गया। खेल के 20वें मिनट में सखवनिया के खिलाड़ी नौशाद ने शानदार गोल मारकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद दोनों ही टीमें एक दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश करती रही, लेकिन अंत तक कोई और गोल नहीं हो सका।
सखवनिया के नौशाद को मैन आफ द मैच व अमरनाथ को मैन आफ द सिरीज का पुरस्कार दिया गया। विजेता और उपविजेता टीम को अतिथि केशव पांडेय व विनय जायसवाल ने संयुक्त रूप से शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख सेवरही उदय नारायण गुप्ता, केडी सिंह कुशवाहा, राकेश प्रधान, शौकत अली, असगर, अंबिका, इंतियाज खान, राजेश, असगर अली, हरिहर प्रसाद, वेदनिधि, विनय कुशवाहा आदि मौजूद रहे।