हाटा। केन यूनियन चौराहे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार को पिलर के ऊपरी हिस्से की ढलाई के दौरान शटरिंग और स्टेजिंग का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इससे डाली गई कंक्रीट नीचे गिर गई। घटना ने निर्माण की गुणवत्ता के साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
निर्माण स्थल पर मजदूर बिना हेलमेट, सुरक्षा बेल्ट, जूते और जैकेट के काम करते दिखाई दे रहे हैं। ऊंचाई पर काम करने के दौरान भी उन्हें जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी विनय मिश्रा और धर्मराज गुप्ता ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। विनय मिश्रा का कहना है कि अनियमितताओं को लेकर वह कई बार संबंधित शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। धर्मराज गुप्ता ने कहा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट में मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन मौके पर बुनियादी सुरक्षा इंतजाम भी नहीं दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि शटरिंग गिरने की घटना में देवरिया जिले के पकड़ी बीरभद्र गांव निवासी मजदूर इरफान अली (25) घायल हो गया था। उसे सीएचसी हाटा में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। स्थानीय लोगों ने तकनीकी जांच कराने और मानकों की अनदेखी करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साइट इंजीनियर चिन्मय दुबे ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना एजेंसी की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही मिली तो एजेंसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।