कप्तानगंज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 17 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आशंका है कि शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। आरपीएफ की भनक लगते ही तस्कर शराब से भरी बोरी छोड़कर फरार हो गए। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
शुक्रवार को सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल ओमवीर यादव प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर दिल्ली से आने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की निगरानी कर रहे थे। दोपहर करीब एक बजे ट्रेन के कोच संख्या एस-4 के शौचालय के पास सफेद रंग की प्लास्टिक की एक लावारिस बोरी दिखाई दी। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई लेकिन किसी ने भी बोरी पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ ने सावधानीपूर्वक बोरी की तलाशी ली, जिसमें 17 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 8,690 रुपये बताई गई है।