पडरौना। कसया शहर में 8 और 9 सितंबर को आयोजित होने वाले डोल मेले को लेकर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। दोनों दिन शाम पांच बजे से डोल मेला समाप्त होने तक व्यावसायिक, भारी मालवाहक और चारपहिया वाहनों का शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की अपील की है।
यातायात निरीक्षक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि गोरखपुर की ओर से कसया होकर पडरौना और तुर्कपट्टी जाने वाले कामर्शियल, भारी मालवाहक और चारपहिया वाहन विशुनपुरा कट से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन गोपालगढ़ और बैरिया कांटा के रास्ते गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह देवरिया से कसया होकर पडरौना जाने वाले वाहन देवरिया अंडरपास से सर्विस लेन के रास्ते गोपालगढ़ और बैरिया कांटा होकर जाएंगे।
पडरौना से कसया होकर देवरिया या गोरखपुर जाने वाले कामर्शियल, भारी मालवाहक और चारपहिया वाहनों को बैरिया कांटा से बाएं मोड़कर गोपालगढ़ के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, तुर्कपट्टी की तरफ से कसया होकर गोरखपुर जाने वाले चारपहिया वाहन सपहा नहर पुलिया से बाएं मुड़कर गोपालगढ़ के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान आपात सेवाओं को सुचारु रखने के लिए एंबुलेंस के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
गोरखपुर से कसया होकर पडरौना जाने वाली एंबुलेंस विशुनपुरा कट से बाएं मुड़कर एयरपोर्ट और बैरिया कांटा होते हुए गंतव्य तक जाएगी। पडरौना से कसया होकर गोरखपुर जाने वाली एंबुलेंस बैरिया कांटा से दाहिने मुड़कर एयरपोर्ट के रास्ते अथवा बाएं मुड़कर गोपालगढ़ के रास्ते जा सकेगी। पुलिस ने डोल मेले के दौरान भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए वाहन चालकों से रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है, ताकि मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।