फाजिलनगर नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित रामजानकी मदिर ,पोखरा ।स्रोत-सोशल मीडिया
फाजिलनगर। नगर पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर और पोखरे के सुंदरीकरण और सड़क निर्माण के लिए करीब दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सुंदरीकरण का कार्य नगर पंचायत कराएगी। इसमें करीब करीब 35 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होकर मंदिर तक जाने वाली सड़क का निर्माण भी शामिल है। सड़क बनने के बाद पोखरे और मंदिर के सुंदरीकरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
नगर पंचायत क्षेत्र के छठियांव स्थित रामजानकी मंदिर और करीब डेढ़ बीघे में फैले पोखरे के सुंदरीकरण के साथ-साथ मंदिर तक आवागमन के लिए क्षेत्रीय लोग लंबे समय से बेहतर रास्ते की मांग कर रहे थे।
सभासद प्रतिनिधि राकेश सिंह की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी मांग उठाई थी। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से बंधान योजना के तहत करीब दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
इस प्रस्ताव के तहत पहले चरण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होकर मंदिर तक जाने वाली सड़क के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है और धनराशि भी जारी कर दी गई है। वहीं, पोखरे और मंदिर के सुंदरीकरण के साथ प्रकाश व्यवस्था के कार्य को भी जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
ईओ अमित सिंह ने बताया कि मंदिर को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।