वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से गुजरने वाले मार्ग की मरम्मत शुरू।
- फोटो : KUSHINAGAR
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अधूरी सड़क की मरम्मत को मंजूरी
खड्डा। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले कसया-छपुआ एनएच-727 के वाल्मीकिनगर के जंगल में क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य मंगलवार से फिर शुरू हो गया। सड़क का छह किलोमीटर हिस्सा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में होने के कारण मरम्मत नहीं हो पा रहा था। एक बार मंजूरी मिली भी तो लॉकडाउन के चलते कार्य रुक गया था। बिहार के पश्चिमी चंपारण के जिला प्रशासन ने बरसात से पहले इसके मरम्मत का निर्देश दिया है।
खड्डा थाना क्षेत्र के गंडक नदी पर छितौनी बगहा रेल सह सड़क पुल का निर्माण होने से दोनों प्रांत के लोगों को बड़ी राहत मिली थी। बाद में इस पुल से होकर कसया-छपुआ राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया गया। लेकिन वाल्मीकि नगर का जगह टाइगर रिजर्व क्षेत्र होने के चलते जंगल से होकर गुजरने वाली करीब छह किलोमीटर की सड़क पर निर्माण कार्य के बाद दुबारा मरम्मत नहीं हुआ। खड्डा थाना क्षेत्र के सालिकपुर पुलिस चौकी के पास से बिहार के मदनपुर तक सड़क की हालत इतनी खराब है कि बरसात के दिनो में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। सामान्य दिनों में भी इस मार्ग से गुजरना कठिन होता है। कुछ माह पूर्व इसके निर्माण के लिए स्वीकृति मिली थी। नया निर्माण होने से पहले सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है। मदनपुर रेंज कार्यालय से मदनपुर देवी स्थान रेल फाटक तक का कुछ हिस्सा समतल व उंचा कर दिया गया है। लॉक डाउन के चलते मरम्मत कार्य भी रुका हुआ था।
पश्चिमी चंपारण के डीएम कुंदन कुमार ने एनएचएआई के कार्यपालक अभियंता इरफान व अन्य जिम्मेदारों के साथ बैठक कर आदेश दिया कि इस मार्ग का मरम्मत कार्य तीव्र गति से किया जाय। इस दरम्यान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाए।